Breaking News

BJP के बाद अब बंगाल में नई वाशिंग मशीन आई है- ममता बनर्जी के साथ बाबुल सुप्रियो की तस्वीर शेयर कर लोग कर रहे कमेंट

भाजपा छोड़ टीएमसी का दामन थामने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। तस्वीर देख कर लोग तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं। ऐसे में स्टैंडअप कॉमेडियन राजीव निगम ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है।

टीएमसी पर तंज कसते हुए राजीव निगम ने लिखा- ‘ज़्यादा सफाई देने वाली नई टेक्नोलॉजी वाली वाशिंग मशीन TMC’। कॉमेडियन ने फेसबुक पर भी पोस्ट शेयर कर टीएमसी पर निशाना साथा जिसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा- ‘बीजेपी के बाद नई वॉशिंग मशीन आई है, बंगाल में टीएमसी। इसमें भी सारे दाग धुल जाते हैं। बाबुल सुप्रियो के दाग धोते हुए ममता दी।’

पत्रकार विजेता सिंह ने भी बाबुल सुप्रियो और ममता बनर्जी की तस्वीर देख कर राजीव निगम के पोस्ट को री-ट्वीट किया औऱ लिखा- ‘वॉशिंग मशीन।’ एक यूजर ने कहा- अच्छा और बीजेपी नहीं है क्या वॉशिंग मशीन? पत्रकार साक्षी जोशी ने कहा- टाइड सफेदी।

गुड्डी नाम की यूजर ने कहा- ‘एक बात समझ नहीं आती, लोग यकीन कैसे कर लेते हैं? ये पार्टी अच्छी है या वह पार्टी अच्छी नहीं है। क्योंकि सभी एक जैसे खेल खेलते हैं। राजनीति में तो कोई अलग कैसे हो सकता हैं? अलग तो सोनू सूद जैसे इंसान हैं जो दल बदल नहीं करते। जनता की सेवा करते हैं।’ जय हिंद नाम के अकाउंट से कमेंट आया- राजनीति में ये सब अच्छा नहीं लगता, पहले टीएमसी को गाली देते थे और अब राज करने आ गए हैं।’

दरअसल, भाजपा छोड़ टीएमसी जॉइन करने वाले बाबुल सुप्रियो ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाक़ात की थी। मुलाक़ात के बाद बाबुल सुप्रियो ने ममता बनर्जी का खूब गुणगान किया और कहा कि ‘उनकी बातें मेरे कानों में संगीत की तरह गूंज रही है।’

संगीतमय रही ममता दीदी संग बाबुल सुप्रियो की मुलाकात: बाबुल सुप्रियो ने बताया था कि दीदी से उनकी मुलाकात संगीतमय रही। बाबुल सुप्रियो ने कहा- ‘मुझे दीदी से मिलकर बहुत खुशी हुई है। उन्होंने बेहद ही गर्मजोशी के साथ मेरा टीएमसी में स्वागत किया। उन्होंने मुझे पूरे मन से काम करने और पूरे दिल से गाने के लिए कहा है। साथ ही उन्होंने मुझे कहा कि यह पूजा (दुर्गा पूजा) का समय है और आप गाना गाइए।’

क्यों छोड़ी थी बीजेपी: बाबुल सुप्रियो ने बीजेपी में मंत्री पद से हटाए जाने के बाद राजनीति से दूरियां बनाने की घोषणा कर डाली थी। बाबुल सुप्रियो ने एक इंटरव्यू में अपने दिल की बात कहते हुए कहा था कि जुलाई में मंत्री पद से हटाए जाने के बाद वे दुखी महसूस कर रहे थे। इसलिए उन्होंने राजनीति छोड़ने की घोषणा कर दी थी। लेकिन उनकी इच्छा दोबारा से राजनीति में लौटने की थी और इसके लिए वह एक अच्छे मौके की तलाश कर रहे थे। वह मौका उन्हें टीएमसी में मिला और वे पार्टी में शामिल हो गए।

क्या हुआ था: उस वक्त गायक और भाजपा सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे बाबुल सुप्रियो ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था और घोषणा की थी कि वह राजनीति से संन्यास ले रहे हैं। फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर करके उन्होंने कहा था कि ‘अब समाजसेवा की तरफ ध्यान केंद्रित करना चाहता हूं और यह काम राजनीति के बिना भी किया जा सकता है।’ मंत्री पद से हटाए जाने के बाद से ही बाबुल सुप्रियो आहत थे ऐसे में उन्होंने तभी से ट्विटर पर मुकुल रॉय और टीएमसी को फॉलो करना शुरु कर दिया था। बाबुल सुप्रियो ने उस वक्त कहा था कि जिस तरह से उन्हें इस्तीफा देने के लिए कहा गया वह ठीक नहीं है।

The post BJP के बाद अब बंगाल में नई वाशिंग मशीन आई है- ममता बनर्जी के साथ बाबुल सुप्रियो की तस्वीर शेयर कर लोग कर रहे कमेंट appeared first on Jansatta.



from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/3hSkCsF

No comments