Breaking News

विधायकों का समर्थन नहीं तो ऐसा व्यक्ति CM क्यों बनाते हो?- कैप्टन के इस्तीफे पर पूर्व IAS ने पूछा सवाल, फिल्ममेकर भी बोले

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब कांग्रेस में लंबे चले सियासी घमासान के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। अपने इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा कि वो अपमानित महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बार बार विधायकों की बैठक की जाती थी और पिछले दो महीने में ये तीसरी बार हो रहा है। कैप्टन के इस्तीफे को लेकर सोशल मीडिया पर एक वर्ग कांग्रेस की आलोचना कर रहा है। बॉलीवुड फिल्ममेकर विनोद कापड़ी ने भी कांग्रेस की आलोचना की है और कहा है कि नरेंद्र मोदी और बीजेपी को कांग्रेस को खत्म करने का प्रयास छोड़ देना चाहिए।

अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में विनोद कापड़ी ने लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी को कांग्रेस को खत्म करने का प्रयास छोड़ देना चाहिए।’ अपने एक और ट्वीट में फिल्ममेकर ने लिखा, ‘कांग्रेस ने पैर पर कुल्हाड़ी नहीं मारी है, कुल्हाड़ी पर पैर मारा है।’

पूर्व आईएएस अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने कांग्रेस मुख्यमंत्री के इस्तीफे को अलोकतांत्रिक करार देते हुए एक ट्वीट किया है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘विधायकों का समर्थन नहीं, तो ऐसा व्यक्ति CM क्यों बनाते हो? ऐसा करना लोकतांत्रिक तो बिलकुल नहीं। जितना आसानी से थोपा जाएगा, उतना ही आसानी से हटेगा।’

Learn more about embeds(opens in a new tab)

वरिष्ठ पत्रकार पुण्य प्रसून बाजपेयी ने भी पंजाब के घटनाक्रम पर अपनी राय जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘सचिन पायलट बैरंग लौटे, टीएस सिंह देव बैरंग लौटे, सिद्धू बैरंग क्यों नहीं लौटे? कांग्रेस का बड़ा दांव, कैप्टन का इस्तीफा।’

कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे पर आम लोगों की प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। विनय नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘शायद आप भूल रहे हैं कि ये वही कांग्रेस है जिसने 70 साल इस देश को चलाया है। ये पार्टी हमेशा साबित करती है कि कोई भी पार्टी से ऊपर नहीं। फिर पार्टी की स्थिति कितनी भी खराब क्यों न हो।’

अमरिंदर सिंह नाम के एक अन्य यूजर ने विनोद कापड़ी को जवाब दिया, ‘पहले आप पंजाब के बारे में जानकारी जमा करो फिर बात करो। मैं आपकी इज्ज़त करता हूं पर इस बार आप ग़लत हैं। कांग्रेस ने सही मूव लिया है। पंजाब की जनता कैप्टन के खिलाफ है, क्योंकि कोई काम नहीं हुआ।’ आकाश कुमार दहायत नाम के एक यूजर लिखते हैं, ‘पार्टी में न अनुशासन है न ही संगठन के प्रति वफादारी, कम से कम बीजेपी से ही सीख लेते।’

संतोष सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘इसका कोई उपाय पार्टी नेतृत्व को सोचना चाहिए, नहीं तो आगे हालात और खराब हो सकते है। और इसका असर अन्य प्रदेशों में भी देखने को मिल सकता है।’

The post विधायकों का समर्थन नहीं तो ऐसा व्यक्ति CM क्यों बनाते हो?- कैप्टन के इस्तीफे पर पूर्व IAS ने पूछा सवाल, फिल्ममेकर भी बोले appeared first on Jansatta.



from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/3ChLD0C

No comments