गोलगप्पे-चाय से फुरसत मिले तो सिलेंडर को भी याद कर लें- स्मृति ईरानी का वीडियो शेयर कर बोले कांग्रेस नेता; पूर्व IAS ने भी घेरा
सितंबर की शुरुआत में ही बिना सब्सिडी की रसोई गैस की कीमतों में 25 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई। मात्र 15 दिनों के अंदर ही बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपए का इजाफा देखा गया है जिसके बाद राजधानी दिल्ली में घरेलू इस्तेमाल वाले 14.2 किलो के सिलेंडर का दाम 884.5 रुपए हो गया। इस बात को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया था। अब यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने स्मृति ईरानी का एक वीडियो शेयर कर एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर उन पर तंज किया है।
उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी का एक वीडियो ट्वीट किया है जिसमें वो किसी दुकान पर पकौड़े और चाय लिए बैठी हैं। उनके वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि इन सब चीजों से फुरसत मिले तो वो सिलेंडर की पुरानी यादें भी ताजा कर लें।
अपने ट्वीट ने श्रीनिवास ने लिखा, ‘गोलगप्पे, लस्सी, चाट, पकौड़ी, चाय से कभी फुरसत मिले तो सिलिंडर को लेकर भी पुरानी यादें ताजा कीजिए।’
देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर पूर्व आईएएस अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने भी नरेंद्र मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने अपने एक ट्वीट में लिखा, ‘पढ़े लिखे खाएं धक्के, अनपढ़ बैठें कुर्सी पर और मौज उड़ाएं छक के। इस व्यवस्था से मुक्ति पाना है तो युवा को एकजुट होना पड़ेगा।’ सूर्य प्रताप सिंह ने अपने एक और ट्वीट में लिखा, ‘जो सरकार काम नहीं दे सकती, वो सरकार नहीं, सत्ता लोभी भेड़ियों का झुंड है।’
बता दें, 2014 से पहले जब कांग्रेस सत्ता में थी तब एलपीजी के दाम में बढ़ोतरी को लेकर बीजेपी ने सड़कों पर जबरदस्त प्रदर्शन किया था। बीजेपी नेता स्मृति ईरानी भी सड़क पर सिलेंडर लेकर धरना में शामिल थीं।
अब रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर बीजेपी सरकार कांग्रेस के निशाने पर है। राहुल गांधी ने रसोई गैस समेत सभी आवश्यक वस्तुओं के कीमतों में बढ़ोतरी पर कहा था कि पूरा देश अन्याय के खिलाफ एकजुट हो रहा है।
The post गोलगप्पे-चाय से फुरसत मिले तो सिलेंडर को भी याद कर लें- स्मृति ईरानी का वीडियो शेयर कर बोले कांग्रेस नेता; पूर्व IAS ने भी घेरा appeared first on Jansatta.
from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/3zfK2q8
No comments