मुश्किलों में लोगों के ‘मसीहा’ सोनू सूद: IT विभाग का आरोप- 20 करोड़ की टैक्स चोरी में हैं लिप्त
बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद (Sonu Sood) के घर पर इनकम टैक्स की छापेमारी की कार्रवाई (Income Tax) तीसरे दिन खत्म हुई। जिसके बाद विभाग ने प्रेस कांफ्रेंस करके बताया कि अभिनेता सोनू सूद (Sonu Sood) 20 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी में शामिल पाए गए हैं। छापों के बाद CBDT (केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड) ने बताया कि बॉलीवुड एक्टर (Sonu Sood) और उनके सहयोगियों के परिसरों की तलाशी के दौरान, टैक्स चोरी से जुड़े सबूत मिले है।
CBDT ने बताया कि मुंबई, लखनऊ, कानपुर, जयपुर, गुरुग्राम और दिल्ली समेत कुल 28 जगहों पर लगातार तीन दिनों तक छापेमारी अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि वह फर्जी और अनसिक्योर्ड लोन के रूप में बेहिसाब पैसे जमा कर रहे थे।
बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद (Sonu Sood) के खिलाफ लगाए गए आरोपों के अनुसार, कोरोना महामारी से प्रभावित लोगों की मदद के लिए सोनू सूद चैरिटी फाउंडेशन बनाया गया। जिसने पिछले साल जुलाई में कोविड की पहली लहर के दौरान 18 करोड़ रुपये से अधिक का डोनेशन जुटाया था। इस साल अप्रैल तक, उसमें से 1.9 करोड़ रुपये राहत कार्यों पर खर्च किए गए हैं और बाकी के बचे 17 करोड़ रुपये नॉन प्रॉफिट बैंक में बिना इस्तेमाल के रखे गए हैं।
बताते चलें कि कोरोना काल में 48 वर्षीय सोनू सूद (Sonu Sood) और उनके साथियों के द्वारा बड़ी संख्या में लोगों की मदद की गई थी। लोगों की खासी प्रशंसा हासिल करने के बाद वह पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करने पहुंचे थे। इसके अलावा वह दिल्ली सरकार के मेंटॉर कार्यक्रम के ब्रांड अंबेसडर भी बने थे। इसके बाद सोनू सूद के खिलाफ हुई कार्रवाई पर राजनीतिक बयानबाजी का दौर भी जारी है।
The post मुश्किलों में लोगों के ‘मसीहा’ सोनू सूद: IT विभाग का आरोप- 20 करोड़ की टैक्स चोरी में हैं लिप्त appeared first on Jansatta.
from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/3hJ70jF
No comments