Breaking News

कथक सम्राट बिरजू महाराज का 83 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन, शास्त्रीय गायन में भी थे पारंगत, लखनऊ घराने से रखते थे ताल्लुक

कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज का रविवार की देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। डीडी न्यूज के मुताबिक, 83 वर्ष की उम्र के बिरजू महाराज ने दिल्ली के साकेत के एक अस्पताल में आखिरी सांसें लीं। कला में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म विभूषण से नवाजा जा चुका है। उनकी पोती रागिनी महाराज ने बताया कि एक महीने से उनका इलाज चल रहा था। लेकिन बीती रात उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई, जिससे उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया। हालांकि डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा पाए।

बिरजू महाराज का जन्म 4 फरवरी, 1937 को लखनऊ में हुआ था। उनका असली नाम बृज मोहन नाथ मिश्रा था। वह एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते थे, जो कि कथक नृत्य के लिए खूब जाना जाता है। बिरजू महाराज के अलावा उनके पिता अच्छन महाराज, चाचा शंभु महाराज और लच्छू महाराज भी प्रसिद्ध कथक नर्तक थे।

सात वर्ष की उम्र में उन्होंने पहली बार लोगों के सामने कथक नृत्य किया था। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा था, “यह वाकई में एक एडवेंचर था। एक छात्र, परफॉर्मर और शिक्षक के तौर पर अपने सफर का हर लम्हा मुझे पसंद है।” वह कथक डांसर के साथ-साथ शास्त्रीय गायक भी थे। उन्होंने अपने करियर के दौरान ‘देवदास’, ‘डेढ़ इश्किया’, ‘उमराव जान’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ जैसी कई फिल्मों में डांस कोरियोग्राफ किया था।

अपने सफर के बारे में बात करते हुए बिरजू महाराज ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा था, “एक कलाकार अपनी अंदरूनी भावनाओं को अपनी कला के जरिए पेश करता है, चाहे वह डांस हो, संगीत हो या फिर दृश्य कला रूप हो। मैं उस तरीके से सबसे अच्छे से व्यक्त करता हूं, जिससे मैं प्रेरित महसूस करता हूं। मैं खुद को नर्तक, गायक, कवि और चित्रकार जैसी कई कलाओं की टोपियां पहनने में सक्षम होने पर धन्य महसूस करता हूं।”

पद्म विभूषण के अलावा बिरजू महाराज को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार व कालिदास सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा काशी हिंदू विश्वविद्यालय और खैरागढ़ विश्वविद्यालय ने बिरजू महाराज को डॉक्टरेट की उपाधि दी थी। ‘विश्वरूपम’ फिल्म में डांस कोरियोग्राफ करने के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी नवाजा गया था।

The post कथक सम्राट बिरजू महाराज का 83 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन, शास्त्रीय गायन में भी थे पारंगत, लखनऊ घराने से रखते थे ताल्लुक appeared first on Jansatta.



from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/3fxEz6O

No comments