Breaking News

धोखाधड़ी के आरोप में सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ गैर ज़मानती वारंट

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला दिल्ली में आयोजित होने वाले एक इवेंट में न आने का है। मुरादाबाद के कटघर थाना इलाके के रहने वाले इवेंट ऑर्गेनाइजर प्रमोद शर्मा ने सोनाक्षी सिन्हा को एक इवेंट में न्यौता दिया और इसके लिए कुछ पेमेंट भी किया।

इवेंट ऑर्गेनाइजर का आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी सोनाक्षी सिन्हा इस इवेंट में नहीं पहुंचीं और इतना ही नहीं जब इवेंट ऑर्गेनाइजर ने अपने पैसे वापस मांगे तो सोनाक्षी सिन्हा के मैनेजर ने ये पैसे देने से भी इंकार कर दिया। ऐसे में सोनाक्षी सिन्हा से कई बार संपर्क करने पर भी जब इवेंट ऑर्गेनाइजर को पैसे नहीं मिले तो उन्होंने एक्शन लेते हुए सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करा दिया है।

बताया जा रहा है कि इस मामाले में सोनाक्षी सिन्हा अपने बयान दर्ज कराने के लिए कई बार मुरादाबाद आ चुकी हैं हालांकि पिछले काफी समय से वो गैरहाजिर रहीं जिसके कारण अब कोर्ट ने सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में गैर जमानती वारंट जारी किया है।

दिल्ली के सीरी फोर्ट ऑडिटोरियम में 30 सितंबर 2018 को इंडिया फैशन एंड ब्यूटी अवॉर्ड समारोह होना था। प्रमोद शर्मा ने टैलेंट फुलऑन और एक्सीड एंटरटेनमेंट नाम की कंपनियों के जरिए एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा को इस कार्यक्रम के लिए बुलाया था। इसके लिए बकायदा कॉन्ट्रैक्ट भी हुआ था।

सोनाक्षी सिन्हा ने आने से पहले सारे पैसे अपने खाते में और अपने मैनेजर के खाते में ट्रांसफर करवा लिए लेकिन सोनाक्षी सिन्हा ने बाद में आने से इंकार कर दिया। प्रमोद शर्मा ने कहा कि सोनाक्षी के न आने से उनका काफी नुकसान हुआ था। कोर्ट ने अब इस मामले में सोनाक्षी को वारंट जारी किया है।

प्रमोद शर्मा के मुताबिक समझौते के मुताबिक सोनाक्षी सिन्हा को 28 लाख 17 हजार रुपये का भुगतान जून में चार किश्तों में कर दिया गया था। कंपनी को पांच लाख रुपए कमीशन के तौर पर दिए गए थे। सारा पैसा आरटीजीएस के जरिए ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया था।

The post धोखाधड़ी के आरोप में सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ गैर ज़मानती वारंट appeared first on Jansatta.



from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/CcK7uBG

No comments