Breaking News

यह रॉन्ग नंबर है- राज कपूर को लगा नजरअंदाज कर रहे हैं मनोज कुमार, जब सच्चाई आई सामने टूट कर रोने लगे लेजेंड

दिग्गज अदाकार मनोज कुमार लेजेंड राज कपूर के बेहद अजीज हुआ करते थे। मनोज कुमार ने पहली बार राज कपूर को तब देखा था जब छोटे से मनोज ‘श्री 420’ देखने गए थे। वह दिल्ली के एक थिएटर में थे, तो शो के दौरान कुछ गुंडों के एक समूह ने वहां हंगामा कर दिया। ऐसे में राज कपूर ने मंच पर छलांग लगा दी थी। उनकी ये दिलेरी देख कर मनोज कुमार उनके फैन हो गए थे।

उस दिन जब मनोज कुमार वापस घर गए तब उन्होंने राज कपूर के उस एक्शन का जिक्र अपनी दादी अम्मा से किया और उन्हें ‘कर्मयोगी-जो सीधा ईश्वर से संपर्क रखता है’ कहकर पुकारने लगे। साल 1970 आते-आते मनोज कुमार ने इंडस्ट्री में ऐसा मुकाम हासिल कर लिया था कि राज कपूर ने खुद उन्हें फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ ऑफर कर दी थी। वो रोल बेशक छोटा था लेकिन मनोज कुमार ने उस रोल के लिए झट से हामी भर दी और जरा भी संकोच नहीं किया। दरअसल, वह लेजेंड राज कपूर के साथ बस काम करना चाहते थे।

लेकिन उस वक्त राज कपूर को एक गलतफहमी हो गई थी। राज कपूर को उस वक्त लगने लगा था कि मनोज कुमार उन्हें इग्नोर कर रहे हैं। असल में जब उन्होंने मनोज कुमार को फोन किया था तो किसी ने फोन उठा कर कह डाला था ‘ये रॉन्ग नंबर है’। राज कपूर को ये बात बहुत बुरी लगी थी। जबकि सच्चाई तो ये थी कि मनोज कुमार उस वक्त शहर में ही नहीं थे। वह मुंबई से बाहर शूटिंग पर व्यस्त थे। यहां तक कि उन्हें तो राज कपूर का मैसेज ही नहीं मिला था।

एक इंटरव्यू में इस बात का जिक्र मनोज कुमार ने खुद किया था। मुंबई मिरर को दिए इंटरव्यू में मनोज कुमार ने बताया था कि ‘मैंने राज कपूर को उस दिन सफाई पेश की थी। हमारी मुलाकात हुई तो वह बहुत नाराज थे। हम 4 बजे करीब मिले। हम कंपोजर जयकिशन जी के घर मिले थे। मैंने उनसे कहा कि मैं आपके साथ काम करने की इच्छा रखता हूं। एक शो मैन के साथ नहीं एक कर्मयोगी के साथ।’

दरअसल, जब राज कपूर बेरुखी से पेश आए तो मनोज कुमार ने इसका कारण पूछा। सब जानने के बाद मनोज कुमार ने राज कपूर से कहा कि वह ऐसी हरकत कर ही नहीं सकते कि राज कपूर को इग्नोर कर सकें।

उसके बाद मनोज कुमार ने उस घटना का जिक्र किया जब से वह लेजेंड राज कपूर के फैन बन गए थे। उन्होंने ‘कर्मयोगी’ वाली घटना का जिक्र किया। जब राज कपूर ने उस बारे में सुना तो उन्होंने मनोज कुमार का हाथ पकड़ लिया और रोने लगे।

The post यह रॉन्ग नंबर है- राज कपूर को लगा नजरअंदाज कर रहे हैं मनोज कुमार, जब सच्चाई आई सामने टूट कर रोने लगे लेजेंड appeared first on Jansatta.



from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/3xzNooO

No comments