Breaking News

नोटिस मिलने के बाद विराट कोहली ने एडिट की इंस्टाग्राम पोस्ट, प्रियंका चोपड़ा समेत अन्य सेलेब्स हुए अलर्ट

प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडियम के बाद इन दिनों कई सेलेब सोशल मीडिया पर ऐड करके करोड़ों कमा रहे हैं। इस सूची में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली भारत में टॉप पर और विश्व में 19वें स्थान पर हैं। भारतीय कप्तान को अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट पर तकरीबन 5 करोड़ रुपए की कमाई होती है। इसी को लेकर एडवर्टाइजिंग स्टैंडर्ड काउंसिल ऑफ इंडिया (ASCI) ने अपनी नई गाइडलाइन जारी की हैं जिसके मुताबिक सेलेब्स को ये लिखना होगा कि ये पेड कंटेंट है और किसके साथ पार्टनरशिप है।

ASCI की गाइडलाइन का पालन नहीं होने के कारण हाल ही में एक यूनिवर्सिटी के प्रमोशन पोस्ट पर भारतीय कप्तान को नोटिस भेजा गया था। जिसके बाद उन्होंने अपने पोस्ट को एडिट करके पेड पार्टनरशिप का टैग लगाया।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान ने ये पोस्ट जुलाई में किया था। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी को प्रमोट किया था। जिसको लेकर उन्हें नोटिस भेजा गया और इसके बाद उन्होंने इस इंस्टाग्राम पोस्टो को एडिट करके पेड पार्टनरशिप का टैग लगाया।

अन्य सेलेब्स हुए अलर्ट

वहीं विराट कोहली को भेजे गए इस नोटिस के बाद बॉलीवुड सहित अन्य वर्गों के सेलेब्स भी सावधान हो गए। विराट कोहली के बाद सोशल मीडिया पोस्ट से सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सेलेब्स में दूसरा नाम है प्रियंका चोपड़ा जोनास का। उन्हें अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट से तकरीबन 3 करोड़ रुपए की कमाई होती है।

वहीं इस सूची में गायिका नेहा कक्कड़, एक्टर्स श्रद्धा कपूर, दीपिका पादुकोण, कृति सेनन, कटरीना कैफ, आलिया भट्ट, अक्षय कुमार, ऋतिक रोशन आदि शामिल हैं।

लॉकडाउन के बाद से सोशल मीडिया प्रमोशन या सोशल मीडिया ऐड को काफी बढ़ावा मिला है। इन दिनों कई सेलेब्स सोशल मीडिया पर अलग-अलग ब्रॉन्ड्स का ऐड करते नजर आते हैं। भारतीय टीम के कप्तान भी इंग्लैंड में मौजूद हैं लेकिन सीरीज के दौरान भी वे सोशल मीडिया प्रमोशन में लगे हुए हैं।

हाल ही में स्टेडियम के अंदर से उनका एक वीडियो आया था जिसमें वे डिजिटल पेमेंट के एक मीडियम का ऐड कर रहे थे। ऐसे ही कई सेलेब्स जहां भी मौजूद होते हैं वे सोशल मीडिया प्रमोशन जारी रखते हैं। इसी को देखते हुए पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ASCI ने अपनी गाइडलाइंस जारी की हैं।

The post नोटिस मिलने के बाद विराट कोहली ने एडिट की इंस्टाग्राम पोस्ट, प्रियंका चोपड़ा समेत अन्य सेलेब्स हुए अलर्ट appeared first on Jansatta.



from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/3kK27au

No comments