Breaking News

सियासत में कभी ये भी करना पड़ता है- CM योगी व PM मोदी की Photo पर बोले अखिलेश यादव, फिल्म मेकर से मिला ऐसा जवाब

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ट्विटर हैंडल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कंधे पर हाथ रखे मंथन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सीएम योगी ने इन फोटोज को शेयर करते हुए लिखा था, “हम निकल पड़े हैं प्रण करके, अपना तन-मन अर्पण करके, जिद है एक सूर्य उगाना है, अंबर से ऊंचा जाना है, एक नया भारत बनाना है।” इन तस्वीरों को साझा करते हुए भाजपा नेताओं और पत्रकारों के साथ-साथ विपक्षी दलों के नेता भी खूब ट्वीट कर रहे हैं। हाल ही में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी की फोटो को लेकर तंज कसा है।

अखिलेश यादव ने यूं तो सीएम योगी और प्रधानमंत्री मोदी की फोटो अपने ट्विटर हैंडल से साझा नहीं की। लेकिन उनकी फोटो पर व्यंग्य कसते हुए लिखा, “दुनिया की खातिर सियासत में कभी यूं भी करना पड़ता है। बेमन से कंधे पर रखकर हाथ, कुछ कदम संग चलना पड़ता है।” अखिलेश यादव के इस ट्वीट पर अब सोशल मीडिया यूजर ने भी खूब कमेंट किये।

सुष्मिता मजुमदार नाम की यूजर ने अखिलेश यादव के ट्वीट पर कमेंट करते हुए लिखा, “दोनों जाने वाले हैं इस बार, एक यूपी से और एक देश से।” सुमित यादव नाम के यूजर ने अखिलेश यादव के ट्वीट के जवाब में सीएम योगी और पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर साझा की और लिखा, “सुनो, तुमसे न हो पाएगा। यूपी में तो अखिलेश ही आएगा।”

अखिलेश यादव के इस ट्वीट को लेकर फिल्म निर्माता अशोक पंडित जवाब देने से पीछे नहीं रहे। अशोक पंडित ने अखिलेश यादव का ट्वीट रिट्वीट करते हुए उन्हें जवाब दिया और लिखा, “सिर्फ एक तस्वीर ने ही आपको झंझोड़कर रख दिया। इसी तरह अगर अपने पिता का हाथ अपने कंधे पर रखवा देते तो इतना बुरा हाल नहीं होता। जीतेगा तो योगी आदित्यनाथ ही।”

बता दें कि खुद फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने भी सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री मोदी की इन तस्वीरों को साझा किया था और लिखा था, “देश को संदेश: कंधे पर हाथ काफी है।” वहीं कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने फोटो पर चुटकी लेते हुए लिखा था, “अच्छा तो हम चलते हैं…।”

The post सियासत में कभी ये भी करना पड़ता है- CM योगी व PM मोदी की Photo पर बोले अखिलेश यादव, फिल्म मेकर से मिला ऐसा जवाब appeared first on Jansatta.



from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/3nBUgym

No comments