Breaking News

PM मोदी कानून वापस नहीं लेते तो हाल जनरल डायर व इंदिरा गांधी जैसा होगा- बोले सत्यपाल मलिक, फिल्म निर्माता ने की इस्तीफे की मांग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने का फैसला किया है। उनका कहना है कि वे किसानों को समझा पाने में नाकाम रहे हैं, ऐसे में वे इस महीने के अंत में शुरू होने वाले संसदीय सत्र में कानून वापसी की प्रक्रिया करेंगे। कृषि कानूनों की वापसी पर अब मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक का वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते नजर आए कि अगर वह कृषि कानून वापस नहीं लेते तो उनका हाल इंदिरा गांधी जैसा होता। सत्यपाल मलिक के इस वीडियो पर फिल्म निर्माता अशोक पंडित भड़के नजर आए।

सत्यपाल मलिक ने वीडियो में इस बारे में बात करते हुए कहा, “मैं उनसे मिलने गया तो मैंने उन्हें कहा कि आप गलतफहमी में हैं। न तो इन सिक्खों को हराया जा सकता है, इनके गुरु के चारों बच्चे उनकी मौजूदगी में खत्म हुए थे, लेकिन उन्होंने सरेंडर नहीं किया। इन जाटों को भी नहीं हराया जा सकता है। आप यह सोचते हों कि ये ऐसे ही चले जाएंगे, इन्हें कुछ ले-देकर भेज दो।”

सत्यपाल मलिक ने वीडियो में आगे कहा, “मैंने उनसे कहा कि दो काम तो बिल्कुल भी मत करना, एक तो इनपर बल प्रयोग मत करना और दूसरा इन्हें खाली हाथ मत भेजना, क्योंकि यह भूलते भी नहीं हैं। इंदिरा गांधी ने जब अकाल तख्त तोड़ा था तो उन्होंने फार्म हाउस पर महामृत्युंजय का यज्ञ करवाया था। उन्होंने खुद कहा था कि मैं दावे से कह सकती हूं कि ये मुझे मारेंगे।”

सत्यपाल मलिक ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, “जनरल वैद्या को सिक्खों ने पुणे में मारा, जनरल डायर को लंदन में मारा। मैंने इनसे यह भी कहा था कि आप इनके धैर्य की परीक्षा मत लो। आज आप ताकत में हो, घमंड में हो, लेकिन आपको पता नहीं कि इसके नतीजा क्या हो सकते हैं?” सत्यपाल मलिक के इस वीडियो पर फिल्म निर्माता भड़के नजर आए, जिसे लेकर उन्होंने गृह मंत्रालय को टैग करते हुए शिकायत भी की।

फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने राज्यपाल सत्यपाल मलिक पर नाराजगी जाहिर हुए लिखा, “सत्यपाल मलिक ने कहा कि अगर पीएम नरेंद्र मोदी ने कृषि कानूनो को वापस नहीं लिया होता तो उनका हाल भी इंदिरा गांधी, जनरल वैद्य और जनरल डायर जैसा होता। उन्हें अपने इस गैर जिम्मेदाराना बयान के लिए इस्तीफा देना चाहिए।”

The post PM मोदी कानून वापस नहीं लेते तो हाल जनरल डायर व इंदिरा गांधी जैसा होगा- बोले सत्यपाल मलिक, फिल्म निर्माता ने की इस्तीफे की मांग appeared first on Jansatta.



from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/30QdiIW

No comments