Breaking News

Sidhu Moose Wala Death: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या, एक दिन पहले ही AAP सरकार ने हटाई थी सुरक्षा

पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की रविवार को मानसा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्हें मानसा के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एक दिन पहले ही सूबे की AAP सरकार ने तमाम लोगों की सुरक्षा हटाई थी, जिसमें मूसेवाला भी शामिल थे। आपको बता दें कि मूसेवाला ने चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ज्वाइन की थी।

कहां की है घटना: मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना मानसा में हुई है जहां पर मूसेवाला और उनके साथियों पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। कथित तौर पर उन्हें झावाहर के गांव में एक मंदिर के पास कम से कम 10 बार गोली मारी गई। घटना के बाद सिद्धू मूसेवाला को मानसा के अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। घटना में 3 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

मानसा से लड़ा था चुनाव: सिद्धू मूसेवाला ने मानसा से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। मूसेवाला को आप के डॉ. विजय सिंगला ने 63,323 मतों के अंतर से हराया था। मानसा जिले के एक गांव मूसा के रहने वाले मूसेवाला पिछले साल नवंबर में काफी धूमधाम से कांग्रेस में शामिल हुए थे। 

पंजाब सरकार ने वापस ली थी सुरक्षा: पंजाब की भगवंत मान सरकार ने 28 मई, शनिवार को ही 424 वीआईपी लोगों की सुरक्षा वापस ली थी। जिनकी सुरक्षा वापस ली गई, उनमें सिद्धू मूसेवाला के साथ कई सेवानिवृत्त अधिकारी और पूर्व विधायक भी शामिल थे। इससे पहले अप्रैल में भी पंजाब सरकार ने पूर्व मंत्रियों और नेताओं सहित 184 लोगों की सुरक्षा वापस लेने का आदेश दिया था।

चुनावों में हुआ था विरोध: कांग्रेस द्वारा उन्हें मानसा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिए जाने के बाद, मानसा के तत्कालीन विधायक नज़र सिंह मनशाहिया ने यह कहते हुए पार्टी के खिलाफ विद्रोह कर दिया था कि वह विवादास्पद गायक की उम्मीदवारी का विरोध करेंगे। दरअसल, मूसेवाला अपने गानों और अन्य गतिविधियों के चलते कई बार विवादों में भी रह चुके थे।

कुछ ऐसा रहा था करियर: मूसेवाला ने अपने करियर की शुरुआत निंजा के गाने “लाइसेंस” के लिए एक गीतकार के रूप में की थी। उन्होंने अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत “जी वैगन” से की थी। बाद में, वह ब्राउन बॉयज़ के साथ कई गानों में साथ नजर आये थे, जिन्हें हम्बल म्यूजिक द्वारा रिलीज किया गया था। एक गायक के रूप में मूसेवाला ने अपने करियर में “इस्सा जट्ट”, “टोचन”, “सेल्फमेड”, “फेमस” और “वार्निंग शॉट्स” जैसे कई हिट गाने दिए थे। उनका नया सिंगल “लेवल” 24 मई को ही सामने आया था।



from Entertainment News (एंटरटेनमेंट न्यूज़) In Hindi, बॉलीवुड समाचार, Manoranjan News, मनोरंजन समाचार | Jansatta https://ift.tt/bA4HqO5

No comments