Breaking News

यश चोपड़ा को मनाने की खातिर मुंछ मुंडवाने के लिए तैयार हो गए थे अनिल कपूर, खुद पहुंच गए थे मिलने; दिलचस्प है वजह

बॉलीवुड के मशहूर एक्टर अनिल कपूर ने अपनी फिल्मों और अपने अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। चार दशकों से भी ज्यादा समय से अनिल कपूर अपनी एक्टिंग के जरिए लोगों का मनोरंजन करते आ रहे हैं। अनिल कपूर ने फिल्म ‘हमारे तुम्हारे’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। सिनेमा और एक्टिंग के प्रति उनका लगाव और समर्पण इतना ज्यादा है कि एक बार तो एक रोल के लिए वह अपनी मुंछें मुंडवाने के लिए भी तैयार हो गए थे। उनके इस अंदाज ने फिल्म निर्माता यश चोपड़ा का भी दिल जीत लिया था।

अनिल कपूर की इस फिल्म का नाम ‘लम्हे’ है, जिसमें उन्होंने बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस श्रीदेवी के साथ मुख्य भूमिका अदा की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यश चोपड़ा फिल्म ‘सिलसिला’ के बाद लम्हे बनाना चाहते थे और इसमें अमिताभ बच्चन व रेखा को कास्ट करना चाहते थे। लेकिन बाद में उन्हें एहसास हो गया कि दोनों ही इस रोल के लिए काफी बड़े लगेंगे।

‘लम्हे’ के बारे में बात करते हुए बॉलीवुड एक्टर शेखर सुमन ने ‘लाइट्स कैमरा किस्से’ में इस बात का खुलासा किया था कि जब रोल की जानकारी अनिल कपूर को मिली तो उन्होंने डायरेक्टर के पास कार्ड भेजा और कहा कि वह इस फिल्म का हिस्सा बनना चाहते हैं। लेकिन यश चोपड़ा ने इसे मजाक समझते हुए नजर अंदाज कर दिया।

यश चोपड़ा को मनाने के लिए अनिल कपूर खुद उनके पास गए और उन्हें बताया कि रोल के लिए वह अपनी मुंछें मुंडवाने के लिए भी तैयार हैं। अनिल कपूर के इस फैसले से यश चोपड़ा को उनके समर्पण का एहसास हुआ। बता दें कि अनिल कपूर और श्रीदेवी की इस फिल्म को ‘जोखिम भरी फिल्म’ भी कहा गया था। कई लोगों ने तो फिल्म की कहानी के कारण यश चोपड़ा को इसे छोडऩे की भी सलाह दी थी।

इस बात का खुलासा भी खुद यश चोपड़ा ने ही किया था। उन्होंने बताया था, “लोगों का कहना था कि यह खतरनाक फिल्म है, आप इसका अंत क्यों नहीं बदल देते हैं? लेकिन मैंने उनसे कहा कि यह फिल्म मैंने अंत के लिए ही बनाई है। मुझे प्यार में विश्वास है और प्यार में उम्र का कोई सवाल ही नहीं उठता।”

The post यश चोपड़ा को मनाने की खातिर मुंछ मुंडवाने के लिए तैयार हो गए थे अनिल कपूर, खुद पहुंच गए थे मिलने; दिलचस्प है वजह appeared first on Jansatta.



from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/3JdjQmj

No comments