Breaking News

सपा नेता बोले- लड़की घर में अकेली हो तो शैतान सवार हो सकता है, भड़के फिल्ममेकर; अमिश देवगन से भी हुई बहस

केंद्रीय कैबिनेट ने लड़कियों की शादी की उम्र 18 वर्ष से बढ़ाकर 21 वर्ष करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। जहां कुछ लोग सरकार के इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं तो वहीं कुछ इसका विरोध भी कर रहे हैं। खासकर विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के कई नेताओं का भी मामले पर विवादित बयान आया है। अमिश देवगन के शो ‘आरपार’ में लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाए जाने पर सपा नेता अबु आजमी ने भी विवादित बयान दिया, जिसे लेकर वह लोगों के निशाने पर आ गए। साथ ही पत्रकार अमिश देवगन से भी उनकी जमकर बहस हुई।

सपा नेता अबु आजमी ने शादी की उम्र बढ़ाए जाने पर कहा, “हमने देखा है कि अपनी लड़की, मेरी बेटी, मेरी बहन तो भी मेरे संस्कार, यह मुझे बताया गया है कि अकेले उसके साथ मत रहो, क्योंकि शैतान कभी भी सवार हो सकता है। हमने देखा है कि कजन भाई, अपना भाई, बाप, कितने ज्यादा दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे हैं। ये एहतियात हमें हमारे पुर्खों ने दिया है।”

सपा नेता अबु आजमी की बात पर पत्रकार अमिश देवगन बिफर पड़े। उन्होंने कहा, “आपको लगता नहीं कि पुर्खों ने तो बाल विवाह भी किया था, जिसपर रोक लगा दी। पुर्खों ने तो सति भी की थी, जिसपर रोक लगा दी गई। जरूरी नहीं है कि जो पुर्खे करके जाएं, वो सही है। आपको लगता नहीं है कि यह दकियानूसी सोच है।” वहीं अबु आजमी ने अपनी बात बढ़ाते हुए कहा, “भगवान और अल्लाह की बनाई गई सल्तनत में दखल देने से असंतुलन हो जाता है।”

वहीं अमिश देवगन ने उनकी बातों का जवाब देते हुए कहा, “यह कोई दखल थोड़ी ना है। 18 साल या 21 साल की उम्र में शादी होना अल्लाह ने नहीं बनाया और न ही ईश्वर ने बनाया है। ये कानून है, जिसे सबको मानना पड़ेगा, मुस्लिम को भी हिंदू को भी, सिक्ख को भी। अगर आप कह रहे हैं कि लड़कियां गलत राह पर जा सकती हैं तो लड़के क्यों नहीं जा सकते।”

सपा नेता अबु आजमी की इन बातों पर फिल्म निर्माता अशोक पंडित भी भड़के नजर आए। उन्होंने वीडियो को साझा करते हुए लिखा, “मुझे उन महिलाओं पर दया आती है जो ऐसे नेताओं के आसपास रहती हैं।”

The post सपा नेता बोले- लड़की घर में अकेली हो तो शैतान सवार हो सकता है, भड़के फिल्ममेकर; अमिश देवगन से भी हुई बहस appeared first on Jansatta.



from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/3ejPvV3

No comments