Breaking News

ईश्वर कोर्ट की तारीख पर स्वस्थ रखे, बार-बार व्हीलचेयर पकड़ लेती हैं- साध्वी प्रज्ञा ने खेला क्रिकेट तो कांग्रेस नेता ने कसा तंज

भोपाल से भारतीय जनता पार्टी की सांसद साध्वी प्रज्ञा अपने वायरल वीडियो को लेकर एक बार फिर से विपक्ष के निशाने पर आ गई हैं। दरअसल, इस वीडियो में साध्वी प्रज्ञा क्रिकेट खेलते, चौके-छक्के लगाती नजर आईं। जहां उनके समर्थक उन्हें बोलिंग कराते नजर आए तो वहीं वह खुद बल्लेबाजी करती हुई दिखाई दीं। उनके इस वीडियो को लेकर अब कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने तंज कसा है। सुप्रिया श्रीनेत ने उनके वीडियो को साझा करते हुए कहा कि ईश्वर कोर्ट की तारीख पर भी आपको स्वस्थ रखे।

साध्वी प्रज्ञा को लेकर किया गया कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा सांसद को आड़े हाथों लेते हुए लिखा, “आपको स्वस्थ देखकर अच्छा लगा। अब ईश्वर आपको कोर्ट की तारीख आने पर भी ऐसे ही बनाए रखें। बार-बार व्हीलचेयर पकड़ लेती हैं।”

कांग्रेस नेता के अलावा आम लोगों ने भी साध्वी प्रज्ञा को आड़े हाथों लिया। एस चौधरी नाम के यूजर ने लिखा, “भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी ठाकुर जी अकसर ऐसे प्रोग्राम में दिखती रहती हैं। यहां बेहतर तरीके से क्रिकेट खेल रही हैं। मगर जब कोर्ट में जाना होता है तब व्हील चेयर पर जाती हैं। खैर हमें कोई मतलब नहीं कि यह मैच खेलें या राजनीति करें, मगर एक बात तो यह है कि सेहत ठीक है।”

पत्रकार शुभांक शुक्ला नाम के यूजर ने साध्वी प्रज्ञा पर निशाना साधते हुए लिखा, “जब अदालत जाना होगा तभी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर द्वारा व्हील चेयर का इस्तेमाल किया जाएगा, क्योंकि अदालत जाने पर इनके पैर काम करना बंद कर देते हैं।” सत्यजीत सत्यार्थी नाम के यूजर ने लिखा, “साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर कभी व्हील चेयर पर बैठी दिखती हैं तो कभी कबड्डी खेलती हुई। इसमें तो अच्छा बैटिंग कर रही हैं। फिर व्हील चेयर?”

एक यूजर ने साध्वी प्रज्ञा के वीडियो को लेकर उनपर कार्रवाी की मांग की और लिखा, “मालेगांव ब्लास्ट मामले में स्वास्थ्य कारणों के कारण बेल पर बाहर भाजपा सांसद भोपाल में क्रिकेट खेल रही हैं। माननीय सुप्रीम कोर्ट, कृप्या इसपर कार्रवाई करें।”

The post ईश्वर कोर्ट की तारीख पर स्वस्थ रखे, बार-बार व्हीलचेयर पकड़ लेती हैं- साध्वी प्रज्ञा ने खेला क्रिकेट तो कांग्रेस नेता ने कसा तंज appeared first on Jansatta.



from मनोरंजन – Jansatta https://ift.tt/3eqGedC

No comments