Breaking News

महिला खिलाड़ियों पर आने वाली हैं और भी फिल्में

आरती सक्सेना

खेल आधारित फिल्मों के लिए दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता है। कई फिल्मों ने सिनेमाघरों में दर्शकों को खींचा है और कई ऐसी फिल्मों के जरिए लोगों ने खिलाड़ियों के संघर्ष की गाथा को देखा-समझा है। खेलों पर फिल्म बनाना कोई आसान नहीं है, इसके लिए निर्माताओं और निर्देशकों को बड़ी हिम्मत दिखानी पड़ती है। इधर, मैरी काम पर फिल्म आने के बाद निर्माता और निर्देशक महिला खिलाड़ियों पर कई फिल्में पेश करने वाले हैं। इनमें नामी कलाकार मुख्य किरदारों में नजर आएंगी। निश्चित ही ऐसी फिल्में देश के लिए महिला वर्ग में और प्रतिभावान खिलाड़िÞयों की नई पीढ़ी तैयार करने में सहायक होंगी। एक नजर…

चाहे आमिर खान की फिल्म लगान या जो जीता वो सिकंदर हो या शाहरुख खान की चक दे इंडिया हो या फिर अक्षय कुमार की हाकी पर आधारित फिल्म गोल्ड हो, सलमान खान की फिल्म सुल्तान ही क्यों ना हो, दर्शकों ने करीबन हर फिल्म को ना सिर्फ पसंद किया है, बल्कि इन फिल्मों से प्रोत्साहित भी हुए हैं। इसके पीछे खास वजह है कि जिस तरह कलाकारों को हमेशा पसंद किया जाता है, उसी तरह खिलाड़ियों को सम्मान की नजर से देखा जाता है। इसके कारण जब भी कोई फिल्म किसी खिलाड़ी पर बनती है तो दर्शक उसे जरूर देखना पसंद करते हैं। फिर चाहे वह फिल्म क्रिकेटर धोनी पर आधारित धोनी द अनटोल्ड स्टोरी हो, या मिल्खा सिंह पर आधारित भाग मिल्खा भाग, कपिल देव पर आधारित फिल्म 83 हो।

महिलाओं में चैंपियन मैरी काम पर बनी फिल्म मैरी काम में जब प्रियंका चोपड़ा ने मुक्केबाज का किरदार निभाया तो दर्शकों ने उसे दिल से सराहा। इसी तरह दंगल में फातिमा शेख और सांड की आंख में तापसी पन्नू निशानेबाज के रूप में नजर आईं। कहना गलत ना होगा कि हमेशा से ही खेल पर आधारित फिल्मों को पसंद किया गया।

इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए खेल पर आधारित कई फिल्में प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। खास बात यह है कि ज्यादातर फिल्में महिला खिलाड़ियों पर केंद्रित हैं। इसे कई प्रसिद्ध बालीवुड अभिनेत्रियां खिलाड़ी के रूप में नजर आएंगी।

महिला खिलाड़ियों पर आने वाली फिल्में…

भविष्य में कई ऐसी फिल्में आ रही हैं, जिनमें अभिनेत्रियां सशक्त खिलाड़ी के रूप में नजर आएंगी। जैसे चपरा एक्सप्रेस में अनुष्का शर्मा भारतीय क्रिकेटर झूलन गोस्वामी के किरदार में नजर आने वाली हैं, जो कि भारतीय क्रिकेट टीम में सबसे तेज गेंदबाज हैं। आर बाल्की की फिल्म घूमर भी खेल पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म में सैयामी खेर क्रिकेटर की भूमिका में नजर आएंगी।

घूमर में सैयामी खेर के साथ अभिषेक बच्चन हीरो हैं। खास बात यह है की सैयामी क्रिकेटर रह चुकी हैं। सांड की आंख में तापसी पन्नू पहले ही अपने खेल का जौहर दिखा चुकी हैं और अब तापसी अपनी नई फिल्म शाबाश मिट्ठू के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाने जा रही हैं। शाबाश मिट्ठू में तापसी पन्नू क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज के किरदार में नजर आएंगी।

मिस्टर एंड मिसेज माही मैं जाह्नवी कपूर क्रिकेटर के रूप में नजर आएंगी। इसमे जाह्नवी के साथ राजकुमार राव नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म स्पाइक में अभिनेत्री रसिका दुगल वालीबाल कोच के रूप में नजर आएंगी। इस किरदार को निभाने के लिए रसिका ने मुंबई में तीन महीने का विशेष प्रशिक्षण लिया है।

महिला खिलाड़ियों पर केंद्रित फिल्मों के अलावा एक फिल्म ऐसी भी आ रही है जोकि फुटबाल पर आधारित है। इस फिल्म का नाम है मैदान। यह फिल्म फुटबाल के स्वर्ण युग की कहानी है जोकि फुटबाल कोच सैयद अब्दुल रहीम और मोहम्मद की कहानी पर आधारित है। अजय देवगन इस फिल्म में सैयद अब्दुल रहीम फुटबाल कोच के किरदार में नजर आएंगे। मैदान फिल्म जल्द ही रिलीज होने वाली है।



from Entertainment News (एंटरटेनमेंट न्यूज़) In Hindi, बॉलीवुड समाचार, Manoranjan News, मनोरंजन समाचार | Jansatta https://ift.tt/H6LqftY

No comments